टीवी प्रसारण के कारोबार से जुड़ी और डायरेक्ट टू होम सेवा देने वाली कंपनी वीडियोकॉन डी2एच को अमेरिकी शेयर बाजार नेस्डैक में मूल्यवान भारतीय कंपनी का दर्जा मिल गया है। प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही कंपनी नेस्डैक में सूचीबद्ध हो गई है। इश्यू के तहत कंपनी ने 32.5 करोड़ डॉलर के अमेरिकन डिपॉजिटरी रेसिप्ट (एडीआर) जारी किए हैं। कंपनी की पूंजी इसके साथ ही 1.15 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
वीडियोकॉन डी2एच ने नेस्डैक में सबसे ज्यादा पूंजी वाली कंपनी बनने के साथ ही कई उपलब्धियां हासिल की हैं। किसी विदेशी स्टॉक एक्सचेंज में वर्ष 2000 के बाद यह सूचीबद्ध होने वाली पहली कंपनी है। इसके साथ ही अमेरिकी बाजार में 2007 के बाद किसी भारतीय कंपनी का सबसे बड़ा आईपीओ लाने का सेहरा भी इसके ही सिर पर है। कंपनी के एमडी सौरभ धूत ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियोकॉन डी2एच के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय मीडिया उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह हमारे ब्रांड में ग्राहकों के लगातार बढ़ते भरोसे को भी दर्शाता है।

No comments:
Post a Comment