सूचना और प्रसारण मंत्रालय को सोशल मीडिया साइटों पर सशक्त ढंग से अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए 2014 का वेब रत्न पुरस्कार दिया गया है। सोशल प्लेटफार्म पर मंत्रालय की भागीदारी बढ़ने से यूजर सूचना प्रसारण मंत्रालय से जुड़ी खबरों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां हासिल कर सकते हैं।

मंत्रालय को वेब रत्न पुरस्कार 2014 के तहत प्लेटिनम आइकन पुरस्कार से नवाजा गया है। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने बुधवार को मंत्रालय को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव आरएस शर्मा मौजूद थे।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव बिमल जुल्का की ओर से यह पुरस्कार विभाग की संयुक्त सचिव आर जया ने ग्रहण किया। पुरस्कार लेते समय उनके साथ मंत्रालय की न्यू मीडिया टीम भी मौजूद थी।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय की वेबसाइट जीआईजीडब्ल्यू गाइडलाइन का पालन करती है। यह विभिन्न हिस्सेदारों को मंत्रालय द्वारा जारी नीतियों और निर्देशों के बारे में जानकारी तक पहुंचने में मदद करती है। वेबसाइट का अंग्रेजी के अलावा समर्पित हिन्दी संस्करण भी है। यह वेबसाइट कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) पर आधारित है।
गौरतलब है कि संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने वेब रत्न पुरस्कारों की स्थापना की है। इसके तहत ई-गवर्नेस के क्षेत्र में विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की ओर से की गई पहल और चलन की पहचान की जाती है।
वेब रत्न पुरस्कार के जरिए ई-गवर्नेंस के इन्हीं प्रयासों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है। व्यक्तिगत और संस्थागत प्रयासों को पुरस्कृत करने के लिए ही वेब रत्न पुरस्कार शुरू किए गए हैं। वेब रत्न पुरस्कारों की स्थापना 2009 में हुई थी।
No comments:
Post a Comment