31 March 2015

अमर उजाला ने भी पकड़ी शेयर बाजार की राह


दैनिक जागरण, भास्कर और हिन्दुस्तान के बाद अब एक और हिन्दी अखबार पूंजी बाजार में उतरने वाला है। अमर उजाला पब्लिकेशंस बाजार में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी में है। कंपनी ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास इसके लिए कागजात भी दाखिल कर दिए हैं।
सेबी को अमर उजाला की ओर से सौंपे गए प्रस्ताव के मुताबिक आईपीओ के तहत कंपनी 50 करोड़ रुपये के 26.90 लाख इक्विटी शेयर बेचेगी। जिन शेयरधारकों के शेयरों के शेयर आईपीओ के जरिए बेचे जाएंगे उनमें कंपनी के प्रबंध निदेशक राजुल महेश्वरी, स्नेहलता महेश्वरी और पुन अंडरटेकिंग्स नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कंपनी प्रिंटिंग मशीनें व होर्डिंग आदि खरीदने, अपनी सहायक कंपनियों में निवेश करने और अन्य कॉरपोरेट उद्देश्यों की पूर्ति के लिए करेगी। आईपीओ के प्रबंधन का जिम्मा  कंपनी ने एक्सिस कैपिटल और आईडीएफसी को सौंपा है। गौरतलब है कि जनवरी से अब तक सेबी के पास आईपीओ के लिए यह सातवां प्रस्ताव आया है। इससे पहले एजीएस ट्रांसेक्ट टेक्नॉलजीस, एसएच हेल्कर एंड कंपनी, श्री शुभम लॉजिस्टिक्स, प्रेसिसियन कैमशॉफ्ट्स, पेन्नार इंजीनियर्ड बिल्डिंग सिस्टम्स और एसएसआईपीएल रिटेल अपने आईपीओ प्रस्ताव सेबी को सौंप चुकी हैं।

No comments: